नय्या नाला में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Hindlekhni News
0
महराजगंज/रायबरेली। थाना चंदापुर क्षेत्र के पहेरेमऊ गांव में बुधवार दोपहर नय्या नाला में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पहेरेमऊ निवासी प्रेमचंद का 16 वर्षीय पुत्र बबलू बुधवार को तीन-चार अन्य बच्चों के साथ नय्या नाला में नहाने गया था। करीब 2:30 बजे नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गए बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद बबलू को पानी से बाहर निकाला।
परिजन उसे आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. पीयूष सिंह ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी चंदापुर अरविंद सिंह ने बताया कि नय्या नाला में नहाते समय किशोर के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्रामीणों ने बच्चों और युवाओं से गहरे पानी वाले स्थानों पर नहाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)